सोमवार, 20 जुलाई 2020

जीवन अभी भी शेष है

ना जानें क्यूं ये खामोशी है
मातम सा माहौल क्यूं हर देश है।
मुस्कुरा कर जी लो इस लम्हें को
क्यूंकि जीवन अभी भी शेष है।।

लाखों प्राणों का अंत हुआ
मानो काल अभी हम से कुछ रूष्ट है।
पर जो गए उनकी यादों के संग जियो
क्यूंकि जीवन अभी भी शेष है।।

उपवन की भांति हृदय कठोर करो
पतझड़ आने का ना शोक करो।
खिलती कली की तरह प्रफुल्लित हो जाओ तुम
क्यूंकि जीवन अभी भी शेष है।।

सोचो कुछ सूक्ष्म जीवों ने
मचाई कैसी ये त्रासदी है।
आओ दृढ़ता के संग मात दें इस दानव को
क्यूंकि जीवन अभी भी शेष है।।










रविवार, 19 जुलाई 2020

क्यों मौन हो तुम?

क्यों मौन हो तुम? कुछ तो बोलो
शब्द ना मिले तो लिख ही डालो।
अक्षरों से अपने मन को टटोलकर
भावनाओं को व्यक्त करो।।

घाव तो आखिर सब ने देखे है
साथ में असहनीय दर्द भी झेले हैं।
कुछ पीड़ा त्वचा पर दिखती तो है
शेष मस्तिष्क को आजीवन कुरेदती है।।

जीवन ही तो है, कट जाएगा ये सफर भी
अपनी आत्मा को निर्भीक करो तुम।
खुद बनो प्रेरणा अपनी और
हर मोहपाश को तोड़ डालो तुम।।

सामर्थ्य है तुम में भीम तुल्य
अपनी सक्षमता पहचान के देखो।
डरावनी है सिर्फ सोच भविष्य की ये तुम जानो
क्यों मौन हो तुम? कुछ तो बोलो।।



शनिवार, 18 जुलाई 2020

मृत्यु

सत्कर्म कर या तू कर कुकर्म
मैं मृत्यु हूं मैं हूं अटल।
ना ऊंच नीच का भेद करूं
मेरा उद्देश्य है अविरल।।

जीवन प्रकृति देती है
मैं काल हूं आत्मा हरता हूं।
संसार एक क्षणिक पगडंडी है
उस पथ का गंतव्य मैं ही हूं।।

जिस प्रकार तेरा हो आचरण
वैसा ही अंत तेरा होगा।
ना समझ खुद को अमर कभी तू
मैं मृत्यु हूं, किसी को कभी नहीं छोड़ा।।

दीर्घायु हो या हो अल्पायु
कोई भेद भाव ना इसका मेरे मन में।
अपने जीवित क्षणों को सार्थक बना
और छोड़ अमिट छाप अपनों के हृदय में।।



वो दिन

आओ चलें फिर से उस छोटे से शहर में
जहां अपना सा लगता था हर इक लम्हा।
सोसायटी नहीं वहां मोहल्ले होते थे
पड़ोसी भी परिवार का हिस्सा हुआ करते थे।।

तेल चीनी का लेन देन होता था
हर त्योहार संग मनाया जाता था।
जब पड़ती थी किसी एक पर कोई विपदा
पूरा शहर पूरी ज़ोर लगा कर साथ खड़ा हुआ करता था।।

दोस्तों के सानिध्य में अलग सी मस्ती हुआ करती थी 
मोबाइल की जगह किताबें हाथ में होती थी।
खेल कूद भी निराले ही थे हमारे
खोखो कबड्डी और लुडो थे पब जी और पोकीमॉन हमारे।।

याद है वो ज़माना आज भी
जब दस घर मिला कर एक टीवी हुआ करता था।
आज की ये दुनिया भी देखी
जब हर कमरा एक सिनेमाघर सा है होता।। 

मटके थे रेफ्रिजरेटर उन दिनों के
और सीएफएल की जगह लालटेन था।
गर्मी से जब नींद नहीं आती थी
तब पापा का हाथ पूरी रात पंखा था झेलता।।



कलयुग

जब हुई भिन्न मानव से मानवता
हुई समाप्त धर्म व सत्य की मर्यादा।
फिर कलयुग ने भीषण हुंकार भरी
छल प्रपंच से भरी ये दुनिया आयी।।

विद्या विद्वानों से रूठ गई
चंचल लक्ष्मी की गति विपरीत हुई।
निर्बल निर्धन भी होते रहे
सबलों की हांडी भरती गई।।

प्रकृति संग खूब खिलवाड़ हुआ
विज्ञान के हत्थे सब संसाधन चढ़ा।
प्रगति के नाम पर क्या कुछ ना गवाया 
पृथ्वी को बंजर नकारा बनाया।।

अकारण शोध करने हेतु
अंतरिक्ष को भी ना हमने छोड़ा।
अपनी सुख सुविधा की वस्तु के लिए
वातावरण की परतों को छेद दिया।।

यह समय है जागृत होने का
खोया हुआ अमृत पाने का।
यह त्याग निष्चित ही कठिन होगा
पर निःसंदेह वो कल हमारा सुखमय होगा।।